कवरेज के दौरान पत्रकार पर हमले से नाराज़ पत्रकार संघ, आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग

लटेरी। आनंदपुर में खबर कवरेज के दौरान पत्रकार मनीष शर्मा पर हुए कथित हमले के विरोध में श्रमजीवी पत्रकार संघ लटेरी ने एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि हाल ही में आनंदपुर क्षेत्र में समाचार संकलन के दौरान पत्रकार मनीष शर्मा पर हमला किया गया था। यह घटना विभिन्न समाचार माध्यमों में भी प्रमुखता से प्रकाशित हुई, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई और साधारण धाराओं में ही केस दर्ज किया।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार घटना के दौरान पत्रकार को रोकने, मोबाइल छीनने की कोशिश करने, अभद्र भाषा का उपयोग करने तथा गेंती से हमला करने का प्रयास किया गया था। इन गंभीर आरोपों के बावजूद पुलिस ने अब तक कठोर धाराओं में कार्रवाई नहीं की है।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि आनंदपुर पुलिस द्वारा आरोपी राधा बल्लभ शर्मा को बचाने की नीयत से पत्रकार के खिलाफ भी कुछ धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे मामले की गंभीरता कम करने का प्रयास प्रतीत होता है।

श्रमजीवी पत्रकार संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करेगा और जिले व प्रदेश के सभी ब्लॉक स्तरों पर ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के पदाधिकारी और क्षेत्र के कई पत्रकार उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ