“यहां किसने क्यों खोली मोहब्बत की दुकान?” — लटेरी में ईद पर दिखा गंगा-जमुनी तहज़ीब का रंग


लटेरी । ईद-उल-फितर के मौके पर लटेरी में सर्वधर्म एकता और भाईचारे की अनोखी मिसाल देखने को मिली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने मिलकर ईदगाह पर “मोहब्बत की दुकान” खोलते हुए ईद मिलन समारोह का आयोजन किया। इस दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे मुस्लिम नमाजियों का गले मिलकर स्वागत किया गया और उन्हें ईद की मुबारकबाद दी गई।

दुनिया में नफरत के माहौल के बीच लटेरी से मोहब्बत और सौहार्द का संदेश दिया गया, जहां ईद के पावन अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट यदवीर सिंह बघेल के नेतृत्व में समाजसेवी नीरज अग्रवाल, सांची प्रभारी मनोज अग्रवाल, नगर अध्यक्ष गुलाब सिंह अहिरवार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनील मीना सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा खिदमत-ए-इंसानियत से जुड़े नसीम खान, थान सिंह राजपूत, अजहर कुरेशी, राजा मियां पठान, फिरोज खान सहित अन्य समाजसेवियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्वल्पाहार और चाय की व्यवस्था
ईद मिलन समारोह में आए लोगों के लिए स्वल्पाहार और चाय की व्यवस्था की गई थी। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे से मिलकर ईद की बधाई दी और देश में अमन-चैन बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारा बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और विभिन्न धर्मों के लोगों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं। लटेरी की इस पहल ने एक बार फिर साबित किया कि त्योहार सिर्फ खुशियां मनाने का नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का भी अवसर होते हैं। “मोहब्बत की दुकान” के जरिए दिया गया यह संदेश क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ