नल-जल योजना ठप: पानी के लिए रात में लाइन,

आनंदपुर/जावती। ग्राम पंचायत जावती में पिछले 8–10 महीनों से नल-जल योजना पूरी तरह ठप पड़ी है। इसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए रोजाना संघर्ष करना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोग रात में ही नलों पर लाइन लगाने को मजबूर हैं और पानी को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।

हाल ही में पानी भरने को लेकर हुए एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जहां वह अभी भी बंद है।


ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा नियमित पानी सप्लाई नहीं की जा रही है, जबकि नल-जल योजना के नाम पर 100 से 200 रुपए तक की वसूली की जा रही है। इससे लोगों में भारी आक्रोश है और पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है की पंचायत में लोगों को पीने के लिए पानी तक नहीं मिल पा रहा है जबकि नल जल योजना के वोरिंग से खेतों में सिंचाई की जा रही है

मामले में जनपद सीईओ उदय प्रताप सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल उठाना उचित नहीं समझा। वहीं अनुभागीय अधिकारी नितिन जैन ने मामले को गंभीर बताते हुए जल्द वैकल्पिक व्यवस्था से पानी सप्लाई शुरू कराने और विभागीय लापरवाही पर कार्रवाई करने की बात कही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि उन्हें पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए संघर्ष और विवाद की स्थिति का सामना न करना पड़े।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ