आनंदपुर। टेम परियोजना के तहत ग्राम कालादेव में बनाई जा रही पानी की टंकी अब ग्रामीणों के लिए सुविधा की बजाय खतरे का कारण बनती जा रही है। लगभग 30 से 40 फीट ऊंची इस टंकी का निर्माण जी ए इंफ्रा कंपनी द्वारा किया गया है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार टंकी का ढांचा तैयार कर उस पर पुताई भी कर दी गई है, लेकिन अब तक सीढ़ियों पर सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं लगाई गई है। इतनी ऊंचाई पर बिना रेलिंग के चढ़ना किसी भी समय दुर्घटना को आमंत्रण दे सकता है।
3-4 साल से बंद पड़ा है काम
गांव में टंकी निर्माण का कार्य पिछले तीन-चार वर्षों से बंद पड़ा है। अधूरी टंकी ऐसे ही खड़ी है, जिससे न तो जलापूर्ति शुरू हो पाई और न ही ग्रामीणों को इसका कोई लाभ मिल सका।
दुर्घटना की आशंका, जिम्मेदारी पर सवाल,
ग्रामीणों का कहना है कि यदि भविष्य में इस टंकी पर कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी—यह बड़ा सवाल है। बिना सुरक्षा इंतजाम के इतनी ऊंची संरचना को खुला छोड़ देना लापरवाही को दर्शाता है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि या तो जल्द से जल्द टंकी का कार्य पूर्ण कराया जाए या फिर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।




0 टिप्पणियाँ