आनंदपुर । आनंदपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक ठाकुर अनुज प्रताप सिंह का 39वां जन्मदिन इस बार अलग अंदाज में मनाया गया। परंपरागत समारोहों से हटकर सामाजिक संगठनों ने इसे सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा। थाना परिसर में लोगों की आवाजाही बनी रही और शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला चलता रहा।
जन चेतना मंच से जुड़े विवेक कुशवाहा ने बताया कि थाना प्रभारी ने कम समय में ही अपनी कार्यशैली से क्षेत्र में भरोसा कायम किया है। इसी वजह से उनके जन्मदिन को जनहित के कार्यों के साथ मनाने की पहल की गई।
इस मौके पर श्री रतन कामधेनु गौ सेवा समिति, जन चेतना मंच और राधा रमन समिति के सदस्यों ने थाना परिसर के बगीचे में पौधारोपण किया। साथ ही गर्मी में पक्षियों को राहत देने के लिए करीब एक दर्जन सकोरे रखे गए, जिनमें नियमित पानी भरने की जिम्मेदारी भी ली गई।
समिति के संदीप मीणा के अनुसार, सकोरा अभियान का उद्देश्य गर्मी के दिनों में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत जन्मदिन को सेवा से जोड़ा गया।
थाना प्रभारी अनुज प्रताप सिंह ने अपने कार्यकाल में परिसर को हरियाली से जोड़ने और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए हैं, जो अब क्षेत्र में सकारात्मक पहल के रूप में देखे जा रहे हैं।




0 टिप्पणियाँ