ग्वालियर/श्योपुर। मध्य प्रदेश की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। ग्वालियर हाईकोर्ट ने श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन रद्द कर दिया है। कोर्ट ने भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत को विजयपुर सीट से नया विधायक घोषित कर दिया।
शपथ पत्र में आपराधिक मामले छिपाने का आरोप
भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत ने चुनाव परिणाम के बाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि मुकेश मल्होत्रा ने नामांकन के समय दिए गए एफिडेविट में अपने खिलाफ दर्ज कुछ आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई थी।
सुनवाई के बाद ग्वालियर हाईकोर्ट ने माना कि उम्मीदवार को अपने एफिडेविट में सभी आपराधिक मामलों की जानकारी देना अनिवार्य है। जानकारी छिपाने को गंभीर उल्लंघन मानते हुए अदालत ने मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया।
उपचुनाव में मिली थी जीत
श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट पर हाल ही में उपचुनाव हुआ था। इसमें कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा को जीत मिली थी, जबकि भाजपा के रामनिवास रावत दूसरे स्थान पर रहे थे। परिणाम घोषित होने के बाद रावत ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
कोर्ट के फैसले से राजनीति में हलचल
सीनियर एडवोकेट एमपीएस रघुवंशी के मुताबिक, याचिका में यह कहा गया था कि उम्मीदवार ने अपने एफिडेविट में पूरी जानकारी नहीं दी थी। अदालत ने इस दलील को स्वीकार करते हुए चुनाव रद्द कर दिया और दूसरे नंबर पर रहे प्रत्याशी रामनिवास रावत को विधायक घोषित कर दिया।
कोर्ट के इस फैसले के बाद मध्य प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विजयपुर सीट पर अब भाजपा के रामनिवास रावत विधायक होंगे।




0 टिप्पणियाँ