विदिशा में शराब दुकानों की द्वितीय चरण की नीलामी 10 मार्च को, 14 समूहों का आरक्षित मूल्य करीब 390 करोड़

विदिशा। वर्ष 2026-27 के लिए जिले की शराब दुकानों की द्वितीय चरण की नीलामी 10 मार्च को कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में आयोजित की जाएगी। नीलामी कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशन में कराई जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी शरद पाठक ने बताया कि जिले के 16 समूहों में से शेष बचे 14 समूहों की नीलामी इस चरण में होगी। इन समूहों का कुल आरक्षित मूल्य लगभग 390 करोड़ 76 लाख 78 हजार 759 रुपए तय किया गया है।

नीलामी में शमशाबाद, बासौदा समूह, बासौदा सर्किल, गुलाबगंज, ग्यारसपुर, अटारखेजड़ा, पठारी, मेहलगांव, कागपुर, लटेरी, आनंदपुर और सिरोंज क्षेत्र के समूह शामिल हैं। प्रत्येक समूह के लिए अलग-अलग आरक्षित मूल्य निर्धारित किया गया है।

आबकारी अधिकारी के अनुसार कम्पोजिट मदिरा समूहों की नीलामी से जुड़ी विस्तृत जानकारी ई-आबकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक अवकाश के दिनों को छोड़कर जिला आबकारी कार्यालय विदिशा से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रशासन ने नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक आवेदकों को निर्धारित नियम और शर्तों के अनुसार प्रक्रिया में शामिल होने की सलाह दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ