10 बजे तक ऑफिस पहुंचना अनिवार्य, ई-अटेंडेंस के आधार पर मिलेगा वेतन: कलेक्टर


विदिशा | 8 मार्च जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर अब शासकीय कर्मचारियों का वेतन ई-अटेंडेंस रिपोर्ट के आधार पर दिया जाएगा।

कलेक्टर के आदेश का हवाला देते हुए अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर ने बताया कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहना होगा।

उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारियों की उपस्थिति ई-अटेंडेंस प्रणाली के माध्यम से दर्ज की जाएगी, जिससे उपस्थिति का नियमित और पारदर्शी रिकॉर्ड रखा जा सकेगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि मार्च 2026 से शासकीय कर्मचारियों के वेतन का आहरण ई-अटेंडेंस रिपोर्ट के आधार पर ही किया जाए। इससे कार्यालयों में समयबद्धता, अनुशासन और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी।

जिला प्रशासन ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें और ई-अटेंडेंस प्रणाली का नियमित पालन कराएं, ताकि शासन के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन हो।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ