विदिशा, 17 फरवरी । विकासखंड लटेरी के आजीविका मिशन भवन में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।
कुल 249 आवेदनों में राजस्व प्रकरण, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली, पानी, अतिक्रमण सहित अन्य विभागीय मामलों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और त्वरित कार्रवाई करते हुए 146 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया।
शेष लंबित आवेदनों पर संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ किया जाए तथा अनावश्यक विलंब न हो।
कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और आवेदनों के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभाई। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को प्रशासन तक सीधे पहुंचकर अपनी बात रखने का अवसर मिला।
पत्रकारों के लिए बैठक के लिए नहीं किए गए इतजाम
जनसुनवाई के दौरान पत्रकारों के बैठने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। मीडिया प्रतिनिधि कार्यक्रम स्थल पर इधर-उधर घूमते नजर आए। कुछ पत्रकारों ने अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें रोका गया, जिससे असंतोष की स्थिति बनी रही।




0 टिप्पणियाँ