लटेरी | विकासखंड लटेरी में अतिथि शिक्षक की ज्वॉइनिंग के नाम पर 20 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद बीईओ ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सामाजिक विज्ञान वर्ग-2 में चयनित कोमल प्रसाद अहिरवार ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि शासकीय स्कूल दौरला में ज्वॉइनिंग दिलाने के नाम पर उनसे 20 हजार रुपए लिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार सत्र की शुरुआत में उन्होंने स्कूल में आवेदन किया था, लेकिन उस समय पद रिक्त नहीं था। बाद में पद खाली होने पर उन्हें फोन कर बुलाया गया।
कोमल प्रसाद का आरोप है कि स्कूल के एक शिक्षक ने ज्वॉइनिंग कराने के बदले 20 हजार रुपए की मांग की और स्पष्ट कहा कि राशि देने के बाद ही ज्वॉइन कराया जाएगा। उन्होंने 7 हजार रुपए ऑनलाइन और 13 हजार रुपए नगद दिए। इसके बावजूद न तो उनकी ज्वॉइनिंग कराई गई और न ही पूरी राशि वापस की गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक काफी प्रयास के बाद 7 हजार रुपए ऑनलाइन लौटा दिए गए, लेकिन 13 हजार रुपए अब भी संबंधित शिक्षक के पास बकाया हैं। उन्होंने बीईओ से शेष राशि वापस दिलाने और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




0 टिप्पणियाँ