लटेरी/आनंदपुर। शासकीय जमीन पर कथित अतिक्रमण और करंट लगने से युवक की मौत के मामले में मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्राम धरनावदा के लोगों ने सिरोंज चौराहे पर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध जताया। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया।
ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि ग्राम सईद नगर, थाना आनंदपुर क्षेत्र की शासकीय जमीन पर मलखान यादव द्वारा अतिक्रमण कर अवैध रूप से बिजली के तार डाले गए थे।
परिजनों के मुताबिक इन्हीं तारों की चपेट में आने से ग्राम धरनावदा निवासी प्रहलाद सिंह यादव की मौत हो गई। उन्होंने घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों पर प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मृतक प्रहलाद सिंह यादव, पूर्व जनपद अध्यक्ष माखन सिंह के ताऊजी के सुपुत्र थे। घटना के बाद पूर्व जनपद अध्यक्ष माखन सिंह भी धरना स्थल पर परिवार के साथ पहुंचे थे। बाद में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाइश देकर धरना समाप्त कराया।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रशासन ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका।




0 टिप्पणियाँ