जिला स्तरीय जनसुनवाई 17 फरवरी को लटेरी में, सुबह 11 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम


विदिशा/लटेरी। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम मंगलवार 17 फरवरी को लटेरी में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने लंबित आवेदनों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

लटेरी एसडीएम नितिन जैन ने बताया कि जनसुनवाई कार्यक्रम लटेरी एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित आजीविका भवन में पूर्वाह्न 11 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे और आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देंगे।

कलेक्टर गुप्ता ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तय समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है।

पांच-पांच गांवों का करेंगे भ्रमण

जनसुनवाई के बाद कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित पांच-पांच गांवों का भ्रमण करने के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारी गांवों में पहुंचकर विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की समीक्षा करेंगे और रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और आमजन को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ