लटेरी में 10वीं बोर्ड परीक्षा से छात्र वंचित, एसडीएम से की शिकायत



लटेरी, 25 फरवरी 2026। तहसील लटेरी के ग्राम नसोवर्री निवासी सागर पुत्र श्री राजन सिंह कुर्मी को कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने से वंचित किए जाने का मामला सामने आया है। छात्र ने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) लटेरी को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार सागर ने शासकीय हाई स्कूल जावती से कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन किया था और निर्धारित परीक्षा शुल्क भी जमा किया था। छात्र के पास शुल्क जमा करने की रसीद सुरक्षित है। आरोप है कि जब वह प्रवेश पत्र लेने विद्यालय पहुंचा तो उसे टाल दिया गया। बाद में विद्यालय प्रबंधन ने यह कहकर मना कर दिया कि उसका नाम रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।
छात्र का कहना है कि विद्यालय की लापरवाही के कारण वह इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा से वंचित रह गया, जिससे उसका एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो गया है। उसने एसडीएम से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर विदिशा एवं जिला शिक्षा अधिकारी, विदिशा को भी भेजी गई है। आवेदन के साथ परीक्षा शुल्क की रसीद की छायाप्रति संलग्न की गई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ