मातामडूरा–कलादेव सड़क बदहाल, जान जोखिम में डालकर सफर को मजबूर ग्रामीणविभाग–ठेकेदार की खानापूर्ति उजागर



लटेरी। विदिशा जिले का चर्चित क्षेत्र लटेरी तहसील मुख्यालय से लगभग 13 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत कलादेव से माता मडूरा को जोड़ने वाली सड़क पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि इस मार्ग से निकलना दूभर हो गया है। ग्रामीणों को हर रोज जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
कुछ महीने पहले सड़क की रिपेयरिंग कराई गई थी, लेकिन यह मरम्मत अब पूरी तरह फैल हो चुकी है। जगह-जगह उखड़ी गिट्टियां और गड्ढों के कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता को नजरअंदाज कर सिर्फ खानापूर्ति की गई।
कलादेव निवासी कृष्णा गोपाल शर्मा ने बताया कि यह सड़क करीब 7–8 साल पहले बनाई गई थी। बीच में एक से डेढ़ साल पहले इसकी मरम्मत भी कराई गई, लेकिन अब सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं ग्रामीण हरतूम यादव ने बताया कि सड़क बेहद फिसलन भरी हो चुकी है। कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों तक शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
कलादेव और माता मडूरा के बीच स्थित पुलिया की हालत और भी चिंताजनक है। पुलिया इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी है कि आसपास गहरी खाई बन गई है। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कुछ माह पहले इसी स्थान पर प्याज से भरा ट्रैक्टर पलट गया था। हादसे के बाद पुलिया पर बिखरी प्याज लंबे समय तक पड़ी रहीं, जिनसे अब पौधे तक उग आए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क और पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराने की मांग की है।लोक निर्माण विभाग के एसडीओ का कहना है कि अभी उसका टेंडर हुआ है जल्द से जल्द उस सड़क का काम किया जाएगा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ