छतरी चौराहे से शुरू प्रदर्शन रैली थाना परिसर में पहुंची हनुमान चालीस पाठ के बाद ज्ञापन सौंपा
सिरोंज। भगवान श्रीराम पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शनिवार को सिरोंज में हिन्दू समाज एकजुट होकर सड़कों पर उतरा। दोपहर 1 बजे बड़ी संख्या में रामभक्त छतरी नाका चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां से दोपहर 1.30 बजे वाहन रैली के रूप में विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया।
रैली में शामिल लोग “हमारे राम का अपमान नहीं सहेगा हिन्दू समाज” और “जय श्रीराम” के नारे लगाते हुए मुख्य बाजार से होते हुए थाना परिसर पहुंचे। थाना परिसर में सभी प्रदर्शनकारी जमीन पर बैठ गए और सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया।
प्रदर्शन की विशेष बात यह रही कि इसका कोई औपचारिक मुखिया नहीं था। हनुमान चालीसा पाठ के बाद रिटायर्ड शिक्षक कैलाश रघुवंशी एवं वरिष्ठ समाजसेवी रामकरण रघुवंशी ने ज्ञापन का वाचन किया। ज्ञापन में 3 जनवरी को भीम आर्मी की सभा में भगवान श्रीराम पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले दीपक बौद्ध एवं सभा के आयोजकों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की मांग की गई।
बताया गया कि शुक्रवार शाम को सोशल मीडिया पर एक संदेश वायरल हुआ था, जिसमें सभी सनातनियों से शनिवार दोपहर छतरी नाका चौराहे पर एकत्र होने का आह्वान किया गया था। यह संदेश किसके द्वारा वायरल किया गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
क्या है पूरा मामला
दीपनाखेड़ा निवासी अरविंद रघुवंशी की शिकायत पर पुलिस ने 5 जनवरी को मंडी बामौरा निवासी दीपक बौद्ध के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला दर्ज किया था। 3 जनवरी को भीम आर्मी की सभा में विवादित बयान के बाद संगठन ने उससे दूरी बना ली थी। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है।
विहिप नेता राकेश सक्सेना ने कहा कि सात दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना शर्मनाक है। प्रदर्शन में शामिल मोहन रघुवंशी, गोविंद चौहान और राकेश कुशवाह ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस का रवैया ऐसा ही रहा तो हिन्दू समाज और अधिक प्रभावी प्रदर्शन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं थाना प्रभारी विमलेश राय ने बताया कि यह प्रदर्शन सर्व हिन्दू समाज द्वारा किया गया था और इसका कोई मुखिया नहीं था। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।




0 टिप्पणियाँ