विदिशा: हॉस्टल निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का बयान वायरल, जताया खेद


विदिशा। जिले के कलेक्टर अंशुल गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे हॉस्टल निरीक्षण के दौरान अधीक्षक पर नाराज होते नजर आ रहे हैं। यह मामला गंजबासौदा क्षेत्र के उदयपुर स्थित एक छात्रावास से जुड़ा है, जहां निरीक्षण के दौरान बच्चों की अनुपस्थिति को लेकर कलेक्टर का गुस्सा भड़क उठा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने हॉस्टल अधीक्षक से नाराजगी जताते हुए आवेश में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर दिया। वीडियो में कलेक्टर को यह कहते सुना जा सकता है कि, “2 जूते मारूंगा तुमको मैं।” इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर सनसनी मच गई और मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया।
बताया जा रहा है कि भारी ठंड और शीतलहर के चलते जिले में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया गया है, जिस कारण छात्रावास में बच्चे मौजूद नहीं थे। अधीक्षक ने कलेक्टर को अवगत कराया कि छुट्टियों के कारण बच्चे अपने घर चले गए हैं।

वायरल वीडियो के बाद कलेक्टर ने जताया खेद

वीडियो वायरल होने और मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान हॉस्टल में कई अनियमितताएं सामने आई थीं और उसी आवेश में उनसे ऐसे शब्द निकल गए, जो नहीं कहे जाने चाहिए थे।

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने अपने बयान में कहा, “मैं अपने शब्दों के लिए खेद प्रकट करता हूं। यदि मेरे कथन से किसी की भावना को ठेस पहुंची है तो मैं क्षमा चाहता हूं।
फिलहाल यह मामला प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ