विदिशा। जिले के श्रीमंत माधवराव सिंधिया शासकीय जिला चिकित्सालय का कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने गुरुवार को व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने ओपीडी, लेबर रूम, ब्लड बैंक, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) और रैन बसेरा सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया।
ब्लड बैंक में स्टाफ सूची नोटिस बोर्ड पर लगाने के निर्देश ब्लड बैंक के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रक्त संग्रह, भंडारण, रक्त घटकों की उपलब्धता, गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लड बैंक में कार्यरत सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों की सूची नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। साथ ही उन्होंने सुरक्षित रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और सभी प्रक्रियाओं को तय मानकों के अनुसार संचालित करने पर जोर दिया।
एनआरसी में भर्ती बच्चों के परिजनों से लिया फीडबैक
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों और उनके परिजनों से उपचार, भोजन, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रैन बसेरा में कंबल-चादरों की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश मरीजों के परिजनों के लिए बने रैन बसेरा का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एनजीओ के माध्यम से अतिरिक्त कंबल और चादरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ हर पात्र मरीज तक पहुंचना चाहिए और सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद उन्होंने अस्पताल द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष भी व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. अनूप वर्मा, सहायक अस्पताल प्रबंधक, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




0 टिप्पणियाँ