रामदास हनुमान मंदिर में विहिप–बजरंग दल की बैठक संपन्न
आनंदपुर लटेरी | विश्व हिन्दू परिषद–बजरंग दल प्रखंड लटेरी की खंड आनंदपुर बैठक रामदास हनुमान मंदिर परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में जिला सह मंत्री सुरेंद्र श्रीवास्तव एवं जिला धर्मयात्रा प्रमुख बृजेश कुशवाह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला सह मंत्री सुरेंद्र श्रीवास्तव ने संगठन की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना, उसके उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विहिप की स्थापना हिंदू समाज को संगठित करने, संस्कृति की रक्षा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।
उन्होंने श्रीराम मंदिर आंदोलन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं बल्कि राष्ट्र की सांस्कृतिक अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे रहे संघर्ष और त्याग को समाज तक पहुँचाने का आह्वान किया।
श्रीवास्तव ने बजरंग दल की स्थापना के उद्देश्य पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि युवाओं को संगठित कर राष्ट्र, धर्म और समाज सेवा से जोड़ने के लिए बजरंग दल का गठन किया गया। उन्होंने युवाओं से संगठन के माध्यम से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में धर्म रक्षा निधि के महत्व को समझाते हुए उन्होंने कहा कि यह निधि संगठन की गतिविधियों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संरक्षण तथा सेवा कार्यों का आधार है। प्रत्येक हिंदू परिवार को इसमें सहभागी बनना चाहिए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष रवि शंकर शर्मा ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं धर्म रक्षा निधि के विषय में जानकारी दी। बैठक में संगठन को मजबूत करने, ग्राम स्तर पर संपर्क अभियान, सामाजिक समरसता, सत्संग, सांस्कृतिक संरक्षण एवं युवाओं को संगठन से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर खंड आनंदपुर अध्यक्ष गोविंद बैरागी, उपाध्यक्ष गेंदा लाल मीना, खंड मंत्री संतोष शर्मा, खंड गौ रक्षा प्रमुख राजकुमार प्रजापत, काला देव खंड अध्यक्ष मोहन शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ