ओखलीखेड़ा स्टेडियम में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ



आनंदपुर। ग्राम ओखलीखेड़ा के खेल स्टेडियम में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आज विधिवत शुभारंभ किया गया। यह टूर्नामेंट श्री राधारमन सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा ने फीता काटकर तथा स्वयं क्रिकेट खेलकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा के साथ रवि पाटीदार, भूपेंद्र धाकड़, अभिषेक रघुवंशी सहित अन्य टीमों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजनकर्ता नितिन भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि यह टूर्नामेंट आगामी 11 दिनों तक चलेगा, जिसमें आसपास के कई गांवों की टीमें भाग लेंगी।
टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए टीमों से 851 रुपये की एंट्री फीस रखी गई है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए बेस्ट बॉलर एवं बेस्ट बैट्समैन को 1100-1100 रुपये की शील्ड प्रदान की जाएगी। वहीं विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21,111 रुपये तथा उपविजेता टीम को 11,111 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

यह पूरा आयोजन समिति के संरक्षक राहुल त्यागी के संरक्षण में संपन्न हो रहा है। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों एवं दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के खेल आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा मिलता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ