शुभम सोनी विदिशा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को विदिशा से सागर तक बनने वाले 201 किमी लंबे इकोनामिक कॉरिडोर सहित कई फोरलेन सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। कुल 4400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इन परियोजनाओं से विदिशा शहर चारों ओर से फोरलेन रिंग रोड से जुड़ जाएगा। अगले 24 महीनों में शहर को इसका बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में विदिशा–हिनोतिया फोरलेन का भी शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही गडकरी ने सिरोंज से मेहलुआ चौराहा होते हुए बीना तक नया फोरलेन बनाने की घोषणा की। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मांग पर भोपाल से बैरसिया, सिरोंज होते हुए अशोकनगर तक फोरलेन सड़क बनाने की भी घोषणा की गई।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी ने बताया कि विदिशा–सागर हाइवे और विदिशा से मेहलुआ चौराहा तक फोरलेन का कार्य दिसंबर 2027 तक पूरा हो जाएगा। जनवरी 2028 से दोनों फोरलेन पर यातायात शुरू होने की संभावना है।
गडकरी बोले— मेरे पास द्रौपदी की थाली है, कभी खाली नहीं होती
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उनके पास इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर है और आने वाले समय में हर तरह का ट्रैक्टर वैकल्पिक ईंधन से चलेगा, जिससे किसानों की बड़ी बचत होगी। उन्होंने कहा, “लोग बहुत मांगें रखते हैं, लेकिन चिंता मत कीजिए। मेरे पास द्रौपदी की थाली है, कितने भी लोग आएं, थाली कभी खाली नहीं होगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने शहर में टॉयलेट का पानी बेचकर 300 करोड़ रुपये की आमदनी कर रहे हैं और अब कचरा भी बेचने लगे हैं। छात्र जीवन को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने से ही सकारात्मक बदलाव संभव होता है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विदिशा की जनता ने उन्हें 6 बार विधानसभा और 6 बार लोकसभा में जिताया है, इसलिए यहां का विकास उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहर के भीतर की सड़कों की हालत खराब होने पर लोग आज भी गड्ढों के साथ “मामा” का फोटो लगा देते हैं। नगर पंचायतों की वित्तीय स्थिति सुधारने और बस स्टैंड, मल्टीपरपज स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों की जरूरत बताई।
ऐसा भी हुआ : मंच पर दिखा हल्का राजनीतिक तकरार का दृश्य
कार्यक्रम के दौरान मंच पर कुछ दिलचस्प और हल्के-फुल्के राजनीतिक क्षण भी देखने को मिले। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान जब अपना संबोधन दे रहे थे, तभी वे अचानक रुककर बोले— “राकेश जी, डिस्टर्ब मत कीजिए, अभी मैं बोल रहा हूं।” उनके इस कथन पर सभा स्थल पर मौजूद लोग मुस्कुरा उठे।
इसी दौरान सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा अपनी सीट से उठकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को मांग-पत्र सौंपने मंच की ओर बढ़ने लगे। इस पर शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें टोकते हुए कहा कि अभी मंच संचालन और भाषण का क्रम चल रहा है, बाद में औपचारिक रूप से मांग-पत्र दिया जाएगा।
इसके बाद विधायक अपनी जगह लौट गए।
इतना ही नहीं, मंच संचालन के बीच में भी विधायक उमाकांत शर्मा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत करने मंच तक पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए मंच पर अव्यवस्था का माहौल बना, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश में विकास कार्यों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो सिर्फ ईमानदारी से काम कराने वाले और परिणाम देने वाले नेताओं की।
नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विदिशा के मुख्य बाजार क्षेत्र में करीब 2 किमी लंबा रोड शो किया। एमएलबी गर्ल्स स्कूल से बढ़ावाजार, तिलक चौक और माधवगंज चौराहा तक खुले वाहन में तीनों नेताओं का जगह-जगह फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। रोड शो के बाद आमसभा को संबोधित किया गया।
रायसेन में मेडिकल कॉलेज की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बीते 12 दिनों में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश को 20 हजार करोड़ रुपये की सौगात दी है। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की मांग पर रायसेन में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की घोषणा की। सीएम ने कहा कि जो काम करेगा वही राज करेगा और जनता ने काम के आधार पर ही निर्णय लिया है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री लखन पटेल, सांसद राकेश सिंह, विदिशा विधायक मुकेश टंडन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




0 टिप्पणियाँ