बैरसिया/सिरोंज। मकर संक्रांति के अवसर पर पारिवारिक यात्रा पर निकले लोगों की खुशियां बुधवार रात मातम में बदल गईं। बैरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्या विहार स्कूल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप लोडिंग वाहन की आमने-सामने हुई टक्कर में पिता, पुत्र और दादी सहित कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार रात करीब 9 बजे हुआ। पिकअप वाहन में सवार 14 लोग सिरोंज (विदिशा) से नर्मदापुरम् मकर संक्रांति मनाने जा रहे थे, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग नर्मदा नदी से स्नान कर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में पिकअप सवार दीपक अहिरवार (14), उसके पिता मुकेश अहिरवार (33) और दादी बबरी बाई (60) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा लक्ष्मी बाई अहिरवार (60) और हरि बाई अहिरवार (60) ने भी दम तोड़ दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कुछ लोग भी घायल हुए हैं।
तेज रफ्तार व अंधेरा बना हादसे की वजह
बैरसिया थाना प्रभारी विजेंद्र सेन ने बताया कि जिस सड़क पर हादसा हुआ, वह सीधी है और वहां कोई मोड़ या चिन्हित दुर्घटना संभावित क्षेत्र नहीं है। हालांकि, रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और दोनों वाहनों की तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में यही सामने आया है कि अचानक आमने-सामने आने से टक्कर टल नहीं सकी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।




0 टिप्पणियाँ