दर्दनाक हादसा: School Bus Accident: सांची भ्रमण पर जा रही बस पलटी, 38 बच्चे घायल

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अशोकनगर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहादुरपुर की स्कूल बस अनियंत्रित होकर गुरोद क्षेत्र की सगड़ नदी में जा गिरी। बस में कुल 47 स्कूली छात्र और 5 स्टाफ सदस्य सवार थे। हादसे में 38 छात्र घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल बस क्रमांक MP67 P 0113 छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए सांची ले जा रही थी। गुरोद स्थित सगड़ नदी के पुल पर अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह पुल से नीचे सूखी नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे बच्चों और स्टाफ को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से गंजबासौदा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक हरिसिंह रघुवंशी भी सिविल अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बीएमओ अतुल जैन ने बताया कि कुल 38 घायल छात्रों को अस्पताल लाया गया है, जिनमें से 6 बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

फिलहाल पुलिस मौके का निरीक्षण कर रही है और बस हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ