जिला चिकित्सालय में औचक निरीक्षण : व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

विदिशा। श्रीमंत माधवराव सिंधिया शासकीय जिला चिकित्सालय में बुधवार को अस्पताल प्रशासन के संचालक श्री मयंक अग्रवाल एवं कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अधिष्ठाता मेडिकल कॉलेज, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

निरीक्षण के तहत संचालक श्री अग्रवाल ने आपातकालीन कक्ष, प्रसूति वार्ड, ओपीडी, वार्डों, औषधि भंडार, लैब एवं डायग्नोस्टिक यूनिट का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवा उपलब्धता, मशीनों की कार्यक्षमता एवं स्टाफ की उपस्थिति की स्थिति को विस्तार से परखा।

इस दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। संचालक एवं कलेक्टर ने मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ