बिजली संकट से जूझ रहे किसानों ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

आनंदपुर।  तहसील लटेरी क्षेत्र अंतर्गत के कुंदनखेड़ी फीडर से जुड़े किसानों ने बिजली आपूर्ति की गंभीर समस्या को लेकर विद्युत विभाग को आवेदन सौंपा है। यह आवेदन लटेरी के सुपरवाइजर के नाम आनंदपुर सब स्टेशन पर रितेश कोहली को सौंपा गया।

किसानों का कहना है कि क्षेत्र में पर्याप्त और नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण खेतों में सिंचाई कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। समय पर पानी नहीं लग पाने से फसलें सूखने की कगार पर हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

जानकारी के लिए बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों को 10 घंटे पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद भी कुंदनखेड़ी फीडर क्षेत्र के किसानों को समय पर और पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

आवेदन के माध्यम से किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें शीघ्र ही समय पर और पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

किसानों ने मांग की है कि शासन के निर्देशों का पालन करते हुए कुंदनखेड़ी फीडर पर तत्काल बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए, ताकि वे समय पर सिंचाई कर अपनी फसलों को बचा सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ