आनंदपुर । ग्राम में इन दिनों आवारा एवं कथित रूप से पागल कुत्तों का आतंक ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। ताजा घटना में एक ही समय में एक आवारा कुत्ते ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त कुत्ते ने ग्रामीणों पर हमला करने के साथ-साथ तीन भैंसों को भी काटकर घायल कर दिया है। स्थानीय लोगों ने इस बात को लेकर भी भारी चिंता है कि यदि इन घायल भैंसों का दूध किसी भी माध्यम से लोगों के घरों तक पहुंच गया और उसका सेवन कर लिया गया, तो इससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
ग्राम के स्थानीय निवासी अनिल सेन ने बताया कि आवारा पागल कुत्ते ने तीन ग्रामीणों को अपना शिकार बनाया, जिनमें उनका छोटा भाई सुनील सेन भी शामिल है। सुनील सेन को गंभीर चोटें आने के कारण तत्काल स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के लिए बता दे की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी आवारा कुत्तों द्वारा गांव में कई गायों एवं उनके बच्चों (बछड़ों) पर हमला करके जिंदा शिकार किया जा चुका है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पशुपालन विभाग एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल पंचायत या जनपद सीईओ कार्यालय में शिकायत करने की सलाह देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा और पागल कुत्तों के खिलाफ शीघ्र अभियान चलाकर उन्हें पकड़ने एवं उचित चिकित्सा या अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही घायल पशुओं की जांच कर उनके दूध की आपूर्ति पर तत्काल रोक लगाई जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।




0 टिप्पणियाँ