लटेरी। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एसडीएम नितिन जैन ने मदनपुर स्थित प्राथमिक स्कूल और दो आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई। स्कूल में व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर एसडीएम ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को शिक्षक का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, दो आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण आहार के नाम पर बच्चों को दलिया की जगह गेहूं के मोटे दाने परोसे जा रहे थे। बच्चे मजबूरन वही खा रहे थे। इसे देख एसडीएम ने तत्काल महिला परियोजना अधिकारी को फोन कर आंगनबाड़ी संचालित करने वाले समूह पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही खराब गुणवत्ता पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा।
निरीक्षण के बाद एसडीएम नितिन जैन ने बताया कि इन संस्थानों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सरकारी योजनाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है।




0 टिप्पणियाँ