आनंदपुर में कल गुरुवार कोें ऐतिहासिक हिंदू सम्मेलन, 8000 से अधिक लोगों के जुटने की संभावना


आनंदपुर 25 दिसंबर 2025, गुरुवार को जिले का दूसरा भव्य एवं ऐतिहासिक हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में होने वाला यह सम्मेलन ऐतिहासिक मंडी ग्राउंड, आनंदपुर में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन को लेकर पूरे नगर में धार्मिक वातावरण बना हुआ है।
सम्मेलन में परम पूज्य 1008 महंत श्री पहाड़ी बाबा महाराज, पंचमढ़ी आश्रम के श्री सत्यानारायण गिरी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की पावन उपस्थिति रहेगी। संतों के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भंडारे का भी आयोजन किया गया है। आयोजकों का लक्ष्य 8000 से अधिक हिंदू समाज के लोगों को एकत्रित करना है।
हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना, आपसी एकता व सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा सनातन धर्म, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संदेश देना है। सम्मेलन में धर्म, संस्कार, सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर संतों व वक्ताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। युवाओं, मातृशक्ति, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों की बड़ी भागीदारी की संभावना है।
सम्मेलन की तैयारी हेतु घर-घर जनसंपर्क कर पीले चावल देकर पारंपरिक आमंत्रण दिया गया, जिससे नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर मंच, ध्वनि, बैठक, पेयजल, चिकित्सा, पार्किंग और यातायात सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। स्वयंसेवक व्यवस्था और अनुशासन संभालेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक समस्त ग्राम आनंदपुर मंडल हैं। आयोजकों ने जिले के समस्त हिंदू समाज से परिवार सहित अधिक संख्या में पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लेने की अपील की है। आयोजकों का मानना है कि यह सम्मेलन जिले के सामाजिक व सांस्कृतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ