आनंदपुर (विदिशा)। थाना आनंदपुर पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹30 हजार नगद एवं घटना में प्रयुक्त थैला बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी अंकित साहू पिता मुकेश साहू, निवासी कस्बा आनंदपुर ने 23 दिसंबर 2025 को थाना आनंदपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि तीन अज्ञात युवक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उनकी दुकान पर आए थे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान के बाहर रखा माइक्रोन कंपनी का थैला, जिसमें नगद राशि रखी थी, चोरी कर लिया। भागते समय एक आरोपी ने फरियादी की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना आनंदपुर में अपराध क्रमांक 188/25 धारा 307 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक अनुज प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान कर प्रदीप अहिरवार एवं रोशन अहिरवार को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गई राशि में से ₹30,000 नगद एवं घटना में प्रयुक्त एक थैला विधिवत जप्त किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप अहिरवार (23 वर्ष), निवासी ग्राम गोलाखेड़ा, थाना आनंदपुर तथा रोशन अहिरवार (30 वर्ष), निवासी ग्राम कालादेव, थाना उनारसीकला, जिला विदिशा शामिल हैं।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अनुज प्रताप सिंह के साथ उनि गौरव रघुवंशी (तकनीकी सहयोग), सउनि जगदीश सिंह भिलाला, प्रआर दयाराम, प्रआर जयसिंह, प्रआर धर्मेन्द्र शर्मा, आरक्षक दीपक रघुवंशी, नभुलात भील, बृजकिशोर यादव एवं विजय शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




0 टिप्पणियाँ