MP में शीतलहर का असर—इंदौर और सागर में स्कूल अब निर्धारित समय से देर से खुलेंगे

मध्यप्रदेश के दो जिलों में बदला स्कूलों का समय, आदेश जारी

भोपाल। प्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। ठिठुरन भरी सुबह के चलते बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश के दो और जिलों—इंदौर और सागर—में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। दोनों जिलों के कलेक्टरों ने इसके लिए आधिकारिक आदेश जारी किए हैं।

इंदौर में अब सुबह 9 बजे से लगेंगी कक्षाएं
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए बताया कि 18 नवंबर से सभी स्कूलों की कक्षाएं सुबह 9 बजे से प्रारंभ होंगी। इससे पहले बच्चे सुबह की ठंड में स्कूलों के लिए निकलते थे, जिससे स्वास्थ्य पर जोखिम बढ़ रहा था।
सागर में भी समय बदला, 8:30 बजे से पहले नहीं खुलेगा कोई स्कूल
सागर कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देशानुसार जारी आदेश में कहा गया है कि जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय, आईसीएसई एवं सीबीएसई बोर्ड के स्कूल सुबह 8:30 बजे से पहले नहीं खुलेंगे। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

पहले भी दो जिलों में हुए थे बदलाव

इससे पहले शनिवार को छिंदवाड़ा और उमरिया जिलों में भी ठंड बढ़ने के कारण स्कूलों के समय में संशोधन किया गया था।

छिंदवाड़ा में कलेक्टर हरेन्द्र नारायण ने निर्देश दिए थे कि सभी विद्यालय 8:30 बजे से पहले संचालित न हों।

उमरिया में कलेक्टर अभय सिंह के आदेश के तहत प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों का संचालन 17 नवंबर से सुबह 9 बजे तय किया गया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचने के बाद प्रशासन बच्चों को ठंड से बचाने के लिए लगातार एहतियाती कदम उठा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ