MP प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: इंदौर में दो पुलिसकर्मियों को हटाया, कई कर्मचारी निलंबित

भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई का सिलसिला जारी है। विशेष गहन परीक्षण स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान लापरवाही सामने आने पर भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने देर रात एक सुपरवाइज़र और एक बीएलओ को निलंबित कर दिया। वहीं बुरहानपुर के जिला शिक्षा अधिकारी संतोष सिंह सोलंकी को भी नियमों के उल्लंघन पर निलंबित किया गया है।

इधर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के ऑपरेशन क्लीन के तहत अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। लगातार चेतावनी के बावजूद ड्यूटी से गायब रहने वाले दो पुलिसकर्मियों को विभाग ने सीधे सेवा से हटा दिया है।

सेवा से हटाए गए दो आरक्षक

सोमवार को नव आरक्षक दिलीप और नव आरक्षक सुधीर को लंबे समय से बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों को कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन सुधार नहीं आने पर सख्त कदम उठाया गया।

पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने दोनों आरक्षकों की सेवाएं समाप्त करते हुए कहा कि ड्यूटी में जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुशासनहीनता पर भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। कुछ दिन पहले एक एएसआई की सेवा भी समाप्त की जा चुकी है।

जिला शिक्षा अधिकारी भी निलंबित

बुरहानपुर में जिला शिक्षा अधिकारी संतोष सिंह सोलंकी को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) के उप-नियम (1), (2), (3) एवं नियम 3(2) के उल्लंघन का दोषी पाते हुए निलंबित किया गया है। इंदौर कमिश्नर डॉ. सुदाम खाड़े ने निलंबन आदेश जारी किया।

राज्य में अनुशासन कायम रखने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार लाने के उद्देश्य से कई विभागों में लगातार कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ