बीना (मध्यप्रदेश)।दक्षिण भारत से दिल्ली की ओर जा रहे किसानों को रोकने के लिए मध्यप्रदेश के बीना में अस्थायी जेल तैयार की गई है। प्रशासन ने आरपीएफ मैदान और रेलवे संस्थान परिसर को हिरासत केंद्र के रूप में चिह्नित किया है। इसके साथ ही कई जिलों से भारी पुलिस बल बीना में तैनात किया गया है।
चैन्नई दिशा से आने वाली ट्रेनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, शाम के समय दक्षिण की ओर से पहुंचने वाली ट्रेनों की तलाशी ली जाएगी और उनमें सवार ऐसे किसानों को उतारा जाएगा, जो दिल्ली की ओर बढ़ रहे हों। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की घेराबंदी कर उतरने वाले किसानों को सीधे अस्थाई जेल में ले जाया जाएगा।
किसानों की संभावित आवाजाही को देखते हुए बीना और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की अतिरिक्त कंपनियों को बुलाकर स्टेशन और शहर के संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन उठाया गया है।




0 टिप्पणियाँ