विदिशा में अवैध व स्कूल वाहनों पर कड़ी कार्रवाई, 21 वाहन पकड़े

शमशाबाद–लटेरी क्षेत्र में परिवहन विभाग की सघन जांच

विदिशा। जिला परिवहन विभाग ने मंगलवार को अवैध रूप से संचालित वाहनों और स्कूल बसों पर नकेल कसते हुए जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शमशाबाद और लटेरी क्षेत्र में की गई इस सघन कार्रवाई में कुल 21 वाहनों को पकड़ा गया। जांच के दौरान नियम विरुद्ध पाए गए 6 वाहनों से मौके पर ही 23 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

परिवहन विभाग के अनुसार 15 वाहनों को नियमों के उल्लंघन के चलते प्रकरणों के निराकरण तक जप्त किया गया है। इनमें 08 वाहन पुलिस थाना शमशाबाद में तथा 07 वाहन थाना लटेरी में सुरक्षित रखवाए गए हैं।

जप्त वाहनों में मोटरयान कर के लगभग दो लाख रुपये बकाया होने पर दो डंपर, सांदीपनि विद्यालय की बिना फिटनेस संचालित स्कूल बस, तथा राजस्थान पंजीयन वाले दो डंपर शामिल हैं जिन पर मध्यप्रदेश का कर बकाया था। इसके अलावा लटेरी क्षेत्र से संचालित एक यात्री बस की फिटनेस अग्निशमन यंत्र एवं व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (पैनिक बटन) न होने पर निरस्त कर दी गई।

विभाग का अनुमान है कि इन प्रकरणों के निराकरण से तीन लाख रुपये से अधिक राजस्व प्राप्त होगा। अभियान के दौरान स्कूल बसों व यात्री वाहनों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन जांच की गई।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

— जनसंपर्क मध्यप्रदेश


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ