आरटीओ में नहीं होगा गाड़ी का ‘ट्रांसफर’ और ‘रिन्युअल’!

एचएसआरपी लगी होने के बाद भी आवेदन लंबित, ऑनलाइन सिस्टम बना परेशानी का सबब

MPNews: मध्यप्रदेश में वाहनों के ट्रांसफर और रिन्युअल के लिए आरटीओ दफ्तरों के चक्कर काटने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं। हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगी होने के बावजूद कई आवेदनों पर ऑनलाइन एंट्री नहीं मिलने से प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। इससे आरटीओ अधिकारियों और डीलरों की लापरवाही खुलकर सामने आ रही है।

ऑनलाइन एंट्री न होने से अटके आवेदन

केंद्र सरकार ने सभी पुराने और नए वाहनों पर एचएसआरपी अनिवार्य कर दी है। डीलर अधिकृत वेंडर्स से प्लेट लगवाकर वाहन पोर्टल पर इसकी एंट्री करते हैं। लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे वाहन हैं जिनकी प्लेट तो लगी है, लेकिन ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट नहीं है।
रिन्युअल और ट्रांसफर के आवेदन इसी वजह से अटक रहे हैं।

आरटीओ दफ्तर में भी ये एंट्री की जा सकती है, लेकिन कर्मचारियों की आनाकानी से वाहन मालिकों को डीलरों और आरटीओ के बीच चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

हर दिन 100 से अधिक आवेदन लंबित

नायता मुंडला आरटीओ कार्यालय में रोजाना 100 से ज्यादा ट्रांसफर और रिन्युअल के आवेदन आते हैं। लेकिन नंबर प्लेट की अनिवार्यता और अपडेट न होने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं।

एक वाहन चालक ने बताया कि उनके दोपहिया वाहन का रिन्युअल कराने की फाइल करीब एक माह से लंबित है। नंबर प्लेट मौजूद होने के बावजूद ऑनलाइन एंट्री नहीं है और महिला बाबू द्वारा एंट्री अपडेट करने से भी इंकार कर दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ