लटेरी/विदिशा। विदिशा जिले के अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर ने गुरुवार को लटेरी राजस्व क्षेत्र में स्थित एसडीएम कोर्ट, तहसीलदार कोर्ट एवं नायब तहसीलदार कोर्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की अचानक सूचना मिलते ही तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के कई कर्मचारी-अधिकारी घबराहट में इधर-उधर भागते नजर आए, जिससे कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
अपर कलेक्टर ने तीनों राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली की जांच की तथा निर्माणाधीन तहसील भवन और सीएम राइज स्कूल के निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता तो नहीं मिली, लेकिन कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों का समय पर निराकरण प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही प्रदेश में चल रहे एसआईआर सर्वे को लेकर भी विस्तृत जानकारी ली गई और बीएलओ तथा संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सर्वे कार्य में किसी भी घर या व्यक्ति को शामिल करने से न छूटने दें।
अपर कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि बीएलओ या अधिकारी-कर्मचारी यदि अपनी ड्यूटी ईमानदारी से नहीं निभाते हैं तो उनके विरुद्ध प्रशासन सख्त कार्यवाही करेगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध और गंभीरता से पूरा करने के निर्देश देते हुए निरीक्षण संपन्न किया।




0 टिप्पणियाँ