लटेरी। लंबे समय से बाधित लटेरी–शमशाबाद मार्ग का निर्माण कार्य एक बार फिर से शुरू कर दिया गया है। सड़क की जर्जर स्थिति से परेशान ग्रामीणों और यात्रियों में अब राहत और उत्साह का माहौल है। इस महत्वपूर्ण मार्ग के सुधार कार्य के पुनः आरंभ होने का श्रेय माननीय विधायक श्री उमाकांत शर्मा के अथक प्रयासों को दिया जा रहा है।
क्षेत्र में सड़क की खराब हालत के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया था। बरसात के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती थी, जिससे मरीजों, स्कूली बच्चों और किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। वर्षों से लंबित पड़े इस निर्माण कार्य को पुनः गति मिलने से लोगों ने संतोष व्यक्त किया है।
लगभग 65 लाख रुपये की लागत से इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जो लटेरी, शमशाबाद और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
इसी बीच नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अत्तू भंडारी ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लटेरी–शमशाबाद मार्ग का पुनर्निर्माण क्षेत्र के विकास और जनसुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है, और यह कार्य विधायक के निरंतर प्रयासों से ही संभव हो पाया है।
ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय व्यापारियों ने भी कहा कि सड़क निर्माण शुरू होने से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में विकास कार्यों को भी नई दिशा मिलेगी।




0 टिप्पणियाँ