जनता की वर्षों पुरानी मांग को मिला बल — विधायक उमाकांत शर्मा ने नए रेलमार्ग की स्वीकृति हेतु उठाया ठोस कदम

क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा की पहल — बीना से ब्यावरा तक नए रेलमार्ग की स्वीकृति हेतु उठाया सशक्त कदम

भोपाल/सिरोंज । क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं आमजन की वर्षों पुरानी मांग को मूर्त रूप देने की दिशा में क्षेत्रीय विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने भोपाल में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री पंकज त्यागी जी से प्रत्यक्ष भेंट कर बीना से ब्यावरा (वाया कुरवाई, पथरिया, सिरोंज, लटेरी, मधुसूदनगढ़, सुठालिया) नवीन रेलमार्ग की स्वीकृति हेतु विस्तृत प्रस्ताव पत्र सौंपा।

भेंट के दौरान विधायक श्री शर्मा ने क्षेत्रीय परिस्थितियों, भौगोलिक उपयोगिता और इस रेलमार्ग के सामाजिक-आर्थिक लाभों पर विस्तृत चर्चा की। DRM श्री त्यागी जी ने इस प्रस्ताव को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे इस विषय पर माननीय रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी को अनुशंसा सहित अवगत कराएंगे।

रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी से भी हुई सार्थक चर्चा

विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने बताया कि विगत दिवस उन्हें भारत सरकार के प्रभावी मंत्री, कुशल प्रशासक, सहज एवं सुलभ स्वभाव के धनी, सदैव स्नेह रखने वाले भाईसाहब माननीय श्री अश्विनी वैष्णव जी से लगभग 14–15 मिनट तक दूरभाष पर चर्चा करने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस संवाद में उन्होंने इस प्रस्ताव के महत्व को विस्तार से बताया तथा माननीय मंत्री जी ने भी इसे गंभीरता से सुना और उचित मार्गदर्शन प्रदान किया।

उनके निर्देशानुसार विधायक श्री शर्मा ने रेलमार्ग संबंधी विस्तृत पत्र ई-मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी माननीय रेलमंत्री जी को भेज दिया है। अब वे दिल्ली जाकर सांसद आदरणीय डॉ. लता वानखेडे जी से भेंट कर इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाने वाले हैं।

जनभागीदारी और सुझावों के लिए अपील
विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने कहा —

> “मैंने जो पत्र माननीय रेलमंत्री महोदय को भेजा है, उसे सार्वजनिक कर रहा हूँ ताकि सभी नागरिक, व्यापारीगण, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी अपने-अपने स्तर से भी इस विषय में अपने सुझाव और तथ्यों सहित पत्र भेज सकें। इस पहल को जनआंदोलन का स्वरूप देने से इसकी स्वीकृति की संभावना और अधिक प्रबल होगी।”


रेलमार्ग का क्षेत्रीय महत्व और संभावित लाभ

बीना–ब्यावरा रेलमार्ग (वाया कुरवाई, पथरिया, सिरोंज, लटेरी, मधुसूदनगढ़, सुठालिया) परियोजना से क्षेत्र में अनेक दूरगामी लाभ होंगे 

कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।

व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

विद्यार्थियों एवं नौकरीपेशा युवाओं के लिए आवागमन के नए अवसर खुलेंगे।

पर्यटन, सामाजिक संपर्क और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

संपूर्ण क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और जीवनस्तर में व्यापक सुधार आएगा।

जनता की दीर्घकालीन आकांक्षा की ओर एक ठोस कदम

यह रेलमार्ग सिरोंज, कुरवाई, लटेरी, सुठालिया, पथरिया और ब्यावरा जैसे कस्बों एवं ग्रामीण अंचलों को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने में सहायक होगा। इस दिशा में विधायक श्री उमाकांत शर्मा का यह प्रयास क्षेत्र की जनता में नई आशा और उत्साह का संचार कर रहा है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ