विदिशा। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने शुक्रवार को लटेरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत उनारसी कला एवं बाजना का भ्रमण कर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं पर उन्होंने कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैंकलेक्टर श्री गुप्ता ने विद्यालयों में अनुशासन और शिक्षण व्यवस्था की जांच करते हुए पाया कि एकीकृत माध्यमिक शाला बाजना में तीन शिक्षकों — राजेश, बृजेश और दीनानाथ — की कार्यशैली में लापरवाही पाई गई। उन्होंने तत्काल तीनों का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं, विद्यालय परिसर में कक्षा कक्ष में मोटरसाइकिल खड़ी पाए जाने पर संबंधित दोनों शिक्षकों के खिलाफ विशेष कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान डीपीसी को शोकाज नोटिस जारी करने और बीआरसी का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार किए जा रहे हैं, ऐसे में किसी भी स्तर की उदासीनता अस्वीकार्य है।
पेंयजल आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान
विद्यालय में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू न होने पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि नल-जल योजना के माध्यम से जल आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम बाजना स्थित श्रीकृष्ण गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में पशुओं की देखभाल, चारा-पानी की उपलब्धता, पशु चिकित्सा सेवाओं और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से जब दुधारू पशुओं की संख्या और केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) से संबंधित जानकारी पूछी, तो दो सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों (एवीएफओ) — लटेरी के संतोष दांगी और आनंदपुर के श्याम सुंदर पटेल — की अनभिज्ञता पर नाराजगी जताते हुए दोनों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी भवन निर्माण पर आपत्ति, राशि वसूली के निर्देशग्राम बाजना में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने साइट चयन पर आपत्ति दर्ज की और कहा कि निर्माण कार्य में हुई अनियमितता की जांच कर व्यय राशि संबंधितों से वसूल की जाए।
कलेक्टर ने विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र दोनों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, नियमित निगरानी करने और जनहित में संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।




0 टिप्पणियाँ