लटेरी।विधायक उमाकांत शर्मा ने सोमवार को लटेरी कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कृषक बंधुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने मंडी में मूलभूत सुविधाओं की कमी को प्रमुख मुद्दा बताया।
विधायक शर्मा ने मंडी परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर नाराज़गी जताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम नितिन जैन को भी मंडी में आ रही समस्याओं का यथायोग्य निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा।
किसानों ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसान हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन लटेरी मंडी प्रशासन इन योजनाओं की जानकारी किसानों तक नहीं पहुंचा पा रहा। साथ ही मंडी में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विश्राम गृह जैसी आवश्यक सुविधाओं का अभाव भी किसानों के लिए चिंता का विषय है। किसानों ने यह भी मांग की कि मंडी में सुरक्षा के मद्देनज़र सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा तोल कांटों की समय-समय पर जांच हो ताकि उपज का सही तौल हो सके।
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक उमाकांत शर्मा ने उन्हें आश्वासन दिया कि लटेरी कृषि उपज मंडी की समुचित व्यवस्था के लिए वे मामले को मध्य प्रदेश मंडी बोर्ड, राज्य कृषि मंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष रखकर आवश्यक कदम सुनिश्चित कराएंगे।
किसानों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही मंडी में सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे 30 किलोमीटर दूर से आने वाले किसानों को राहत मिलेगी।




0 टिप्पणियाँ