धर्मेंद्र के निधन पर मध्यप्रदेश में शोक की लहर
CM मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने जताया दुःख
भोपाल। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर से पूरे देश में शोक की भावना व्याप्त है। रविवार को उनके देहांत की सूचना मिलते ही राजनीतिक गलियारों से लेकर फिल्म जगत तक प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा, “भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेन्द्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। सिनेमा जगत को समृद्ध करने में उनका अद्वितीय योगदान और अभिनय सदैव अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों और प्रशंसकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।”
इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी धर्मेंद्र को याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, “धर्मेंद्र जी ने अपनी अद्भुत प्रतिभा, सादगी और समर्पण से करोड़ों दिलों में अमिट छाप छोड़ी। उनका जाना भारतीय फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और समस्त फिल्म जगत के साथ हैं।”
धर्मेंद्र ने लगभग छह दशकों तक भारतीय सिनेमा पर अपना अमिट प्रभाव छोड़ा। ‘शोले’, ‘मेरा गाँव मेरा देश’, ‘चुपके चुपके’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शक आज भी याद करते हैं। उनके निधन से फिल्म जगत में एक युग का अंत माना जा रहा है।
देशभर से श्रद्धांजलियों का सिलसिला जारी है और प्रशंसक अपने प्रिय अभिनेता को नम आंखों से विदाई दे रहे हैं।




0 टिप्पणियाँ