समय पर आवेदनों के निराकरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई — कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने दी सख्त चेतावनी

विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में लंबित आवेदनों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त आवेदन, जनसुनवाई तथा भ्रमण के दौरान मिले आवेदनों की स्थिति पर विभागवार जानकारी प्रस्तुत की गई।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकार के आवेदनों का समय पर और प्रभावी निराकरण संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती गई तो असंवर्धनीय प्रभाव से वेतन वृद्धि रोकने की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही जिला नोडल अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ऐसे प्रकरणों को संज्ञान में लेकर कार्यवाही हेतु प्रस्ताव तैयार करें।

सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग सुधारने के निर्देश

कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले की सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग में गिरावट चिंता का विषय है। उन्होंने डी ग्रेड सूची में शामिल विभागों के अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि शिकायतों के निराकरण में तेजी लाकर जिले को आगामी मासिक ग्रेडिंग सूची में शीर्ष पाँच जिलों में शामिल किया जाए।

निर्माण कार्यों की समीक्षा — अधूरे भवनों की सूची मांगी

बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनका संबंधित विभागों द्वारा अधिग्रहण कर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधूरे भवनों की विभागवार सूची कारण सहित प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बसों में किराया सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित हो

जिला परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जिले में संचालित सभी बसों में किरायादर सूची ऐसे स्थान पर प्रदर्शित की जाए, जहाँ यात्रीगण उसे आसानी से देख और पढ़ सकें। उन्होंने कहा कि यात्रियों से मनमानी राशि वसूलने की शिकायतें कतई स्वीकार्य नहीं होंगी।

छात्रवृत्ति कार्यों में कोताही पर नाराजगी

कलेक्टर ने छात्रवृत्ति से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों के आवेदन दाखिल करने में कोताही बरती जा रही है। ऐसे संस्थानों को संबंधित विभागों के जिला अधिकारी संपर्क कर अवगत कराएं कि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति आवेदन और प्राप्ति में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

धरती आबा कैम्पो और राशन वितरण की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर ने धरती आबा कैम्पो की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने उचित मूल्य की दुकानों से राशन उठाव और वितरण कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन समितियों पर शिकायतें दर्ज हैं, उन्हें इस वर्ष उपार्जन कार्य से पृथक रखा जाए और उपार्जन केन्द्र न बनाया जाए।

पीएम विश्वकर्मा योजना और अन्य योजनाओं के निर्देश

पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पंजीकृत लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। वहीं लीड बैंक अधिकारी को कहा गया कि यदि किसी पात्र आवेदक को एक योजना से लाभ नहीं मिल पाता, तो उसके आवेदन के दस्तावेज अन्य योजनाओं में भी मान्य कर लाभांवित करने का प्रयास किया जाए।

अन्य बिंदुओं पर भी हुई विस्तृत समीक्षा

कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में अनुकंपा नियुक्ति, कंडम वाहनों की नीलामी, पेंशन प्रकरण, मनरेगा कार्य, न्यायालयीन प्रकरण, खनिज, आबकारी, खाद्य एवं औषधि निरीक्षण कार्यवाहियां, और नलजल योजनाओं के हैंडओवर की प्रगति पर चर्चा की।
इसके साथ ही छात्रावासों में उपस्थिति, युवाओं के रोजगार, हैंडपंपों की स्थिति, बिना मुंडेर के कुएँ, बिना पंजीयन की बोर मशीनें, ईंट भट्टों की सूची, पूर्व खदानों में भरे पानी की स्थिति, तथा सीएम राइज बसों की फिटनेस पर भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, आरईएस और ऊर्जा विभाग को सड़कों पर साइनबोर्ड लगाने तथा खुले ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति और संवाद

बैठक में अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ श्री ओ.पी. सनोडिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं खंड स्तरीय अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद स्थापित किया गया।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ