विदिशा, 3 नवम्बर 2025। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सोमवार को अपने कक्ष में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और नापतौल निरीक्षकों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले में खाद्य सुरक्षा, औषधि नियंत्रण और माप-तौल व्यवस्था से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने औषधि निरीक्षकों को निर्देश दिए कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच की जाए। बिना डॉक्टर की पर्ची के औषधियों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों पर नोटिस जारी कर कठोर कार्यवाही की जाए। साथ ही, बिना फार्मासिस्ट की उपस्थिति में संचालित मेडिकल स्टोर्स पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बाजार में बिक रहे मावा, मावा से बनी मिठाइयाँ, अन्य मिठाइयाँ, दूध और दूध से बने उत्पादों की नियमित जांच कर उनके नमूने प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजे जाएं।
इंदौर में नकली घी फैक्ट्री पर की गई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कलेक्टर ने कहा कि विदिशा जिले में ऐसे उत्पादों की बिक्री किसी भी स्थिति में न हो। इसके लिए विशेष सतर्कता और निगरानी बरती जाए। इसी प्रकार नकली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्रीय उत्पादों के साथ-साथ नामी कंपनियों की सामग्री का भी नियमित परीक्षण किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित व शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।




0 टिप्पणियाँ