विदिशा। आगामी विवाह सीजन में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं ट्रैफिक को सुचारू रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने जिले के सभी मैरेज गार्डन संचालकों, डीजे ऑपरेटरों, आयोजनकर्ताओं एवं नागरिकों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। एसपी ने स्पष्ट कहा कि निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा, अन्यथा उल्लंघनकर्ताओं पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा अनिवार्य
जारी निर्देशों में सभी मैरेज गार्डन में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, 24×7 रिकॉर्डिंग सक्रिय रखने तथा फुटेज को 30 दिन तक सुरक्षित रखने के निर्देश शामिल हैं। शादी समारोह में आने वाले मेहमानों के कीमती सामान के लिए सुरक्षित काउंटर की व्यवस्था करने और सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य बताया गया है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।
ध्वनि नियंत्रण पर सख्ती
पुलिस ने डीजे और साउंड सिस्टम को निर्धारित ध्वनि सीमा में ही संचालित करने का निर्देश दिया है। रात्रि 10 बजे के बाद तेज ध्वनि वाले डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। गार्डन परिसर के अंदर ध्वनि नियंत्रण की जिम्मेदारी संचालकों पर होगी।
ट्रैफिक और बारात प्रबंधन
मुख्य सड़कों पर बारात निकालते समय यातायात बाधित न करने की चेतावनी दी गई है। विवाह स्थलों पर पर्याप्त पार्किंग, अलग प्रवेश-निकास मार्ग और प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य की गई है। अवैध पार्किंग, सड़क पर वाहनों का जमावड़ा या जाम की स्थिति पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था
गार्डन में फायर सेफ्टी उपकरण, इमरजेंसी एग्जिट और फर्स्ट-एड किट की व्यवस्था रखना जरूरी होगा। आयोजकों को कार्यक्रम का समय, भीड़ का अनुमान व अन्य विशेष व्यवस्थाएं समय रहते स्थानीय थाने को सूचित करने को कहा गया है। विवाह स्थल पर कुशल सुरक्षा गार्डों की तैनाती भी आवश्यक बताई गई है।
अन्य निर्देश
शराब या नशीले पदार्थों के सेवन से उत्पन्न अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आतिशबाज़ी का उपयोग नियंत्रित और सुरक्षित दूरी से करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी ऐसी गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जाएगी जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती हो।
विदिशा पुलिस ने अपील की है कि सभी आयोजनकर्ता, गार्डन संचालक एवं डीजे संचालक इन दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि विवाह समारोह सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।
जानकारी के लिए बता दे उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर जिले के भोकरहेड़ी में विवाह समारोह के दौरान हुए विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर के सभी जिलों में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सावधानी बढ़ा दी है।




0 टिप्पणियाँ