2, 3 और 4 नवंबर को कई जिलों में झमाझम के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भोपाल। नवंबर माह की शुरुआत के साथ ही मध्यप्रदेश में सर्दी ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आगामी तीन दिनों—2, 3 और 4 नवंबर—तक बारिश की चेतावनी जारी की है। इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।
अगले 72 घंटे का पूर्वानुमान
2 नवंबर:
रविवार को झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भोपाल में शाम या रात के समय हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे।
3 नवंबर:
झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, नीमच, मंदसौर, रतलाम, इंदौर, उज्जैन, देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बूंदाबांदी के आसार हैं।
4 नवंबर:
भोपाल, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नर्मदापुरम, सीहोर, हरदा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, इंदौर, उज्जैन, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, आगर-मालवा सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
भोपाल में मौसम बदला रंग
राजधानी भोपाल में पिछले चार दिनों से बादलों और तेज हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखी गई। शनिवार को बादल छंटने के बाद धूप खिली, जिससे तापमान में करीब 4.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। शनिवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
धीरे-धीरे बढ़ेगी ठंडक
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बारिश के बाद ठंडक धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी। नवंबर के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। कोहरा और कुहासा भी देखने को मिल सकता है।
नवंबर के मौसम का रिकॉर्ड
न्यूनतम तापमान: 6.1 डिग्री (30 नवंबर 1941)
अधिकतम तापमान: 35.3 डिग्री (4 नवंबर 1977)
सर्वाधिक मासिक वर्षा: 134.1 मिमी (1936)
औसत तापमान: अधिकतम 29.9°, न्यूनतम 15° सेल्सियस
आगे ऐसा रहेगा मौसम
दूसरे सप्ताह से प्रदेश में मौसम शुष्क होने लगेगा। अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से गुलाबी ठंड का एहसास होगा।
तीसरे सप्ताह में आर्द्रता में कमी और चौथे सप्ताह में ठंड अपने चरम पर होगी। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे जा सकता है और दिन में भी हल्की ठंडक महसूस होगी।




0 टिप्पणियाँ