बड़ा प्रशासनिक बदलाव : विदिशा नगरपालिका जल्द बनेगी नगर निगम, 20 गांव होंगे शहर की सीमा में शामिल

(MP News | Vidisha Update) विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा शहर को लेकर एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव होने जा रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मांग और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आश्वासन के बाद विदिशा नगरपालिका को नगर निगम बनाने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। नगरपालिका प्रशासन ने शासन को भेजे गए प्रस्ताव की स्थिति की जानकारी ली है और निगम क्षेत्र का नक्शा भी तैयार कर लिया गया है।

8 ग्राम पंचायतों के 20 गांव होंगे शामिल

नगरपालिका अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में 39 वार्ड वाले नपा क्षेत्र की संभावित आबादी लगभग 2.26 लाख है। नगर निगम बनने के बाद यह आबादी ढाई लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। इस उद्देश्य से नगर सीमा से सटी 8 ग्राम पंचायतों के 20 गांवों को नए नगर निगम की शहरी सीमा में शामिल करने की योजना तैयार की गई है।
इन गांवों की दूरी विदिशा शहर से 3 से 8 किलोमीटर के बीच है। प्रमुख गांवों में चिड़ारिया मुजफता, सौठिया, सुनपुरा, ढोलखेड़ी और बागरी शामिल हैं।

इन ग्राम पंचायतों के गांव होंगे शामिल

चिड़ारिया पंचायत – चिड़ारिया मुजफता, गुरारिया हवेली

डाबर पंचायत – डाबर, हस्नाबाद

सॉठिया पंचायत – सोंठिया, गेहूंखेड़ी, मुरवारा

करैयाहवेली पंचायत – करैयाहवेली, सुआखेड़ी, आमखेड़ा, रंगई, बेरखेड़ी, पड़रियामाफी

सुनपुरा पंचायत – सुनपुरा, विधन, उदयगिरी

इमलिया लश्करपुर पंचायत – ढोलखेड़ी, जीवालीपुर

अमाछार पंचायत – अमाछार

बागरी पंचायत – संपूर्ण ग्राम पंचायत


दूसरी बार रखी गई मांग

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह मांग दूसरी बार मुख्यमंत्री के समक्ष रखी है। इससे पहले 15 जनवरी को पुरानी मंडी परिसर में आयोजित सभा में उन्होंने यह प्रस्ताव रखा था। हाल ही में सांसद खेल महोत्सव के उद्घाटन समारोह में उन्होंने फिर से नगर निगम का दर्जा देने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “अगला चुनाव विदिशा में नगर निगम का ही होगा।”

नगर निगम बनने से संभावित लाभ

जिला प्रशासन का हस्तक्षेप कम होगा

शासन से मिलने वाले बजट व वित्तीय अधिकारों में वृद्धि होगी

शामिल गांवों का तेज़ी से शहरी विकास होगा

संपत्तियों के मूल्य में वृद्धि की संभावना

शासकीय भूमि का उपयोग शहरी जरूरतों के अनुसार किया जा सकेगा


संभावित हानियां भी रहेंगी

ग्रामीण क्षेत्रों पर कर का बोझ बढ़ेगा

भूमि उपयोग में बदलाव से पारंपरिक संरचना प्रभावित हो सकती है


सीएमओ ने दी जानकारी

नगरपालिका विदिशा के सीएमओ दुर्गेश सिंह ठाकुर ने बताया कि “नगर निगम के गठन का प्रस्ताव नगरीय प्रशासन एवं शहरी विकास विभाग को भेजा जा चुका है। शासन स्तर पर प्रक्रिया जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही विदिशा को नगर निगम का दर्जा मिल जाएगा।”


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ