लटेरी। देश के प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने और हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा के आग्रह पर हर घर तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलादेव से शुरू हुई वाहन रैली आनंदपुर होते हुए लटेरी पहुंची। यात्रा का समापन संदीपनी विद्यालय परिसर में हुआ।

रैली में राजनीतिक, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया।

आयोजकों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई। कलादेव से आनंदपुर और लटेरी तक निकली यात्रा में जगह-जगह लोगों ने सहभागिता कर अभियान के प्रति समर्थन जताया।