भोपाल। मध्यप्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 3 नवम्बर सुबह 10 बजे ऊर्जा विभाग की ‘समाधान योजना 2025-26’ का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के क्षेत्रीय कार्यालय, ई-4 अरेरा कॉलोनी, भोपाल में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा श्री नीरज मंडलोई, एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक श्री अविनाश लवानिया, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री क्षितिज सिंघल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बताया कि योजना के तहत विलंबित बिजली बिलों पर सरचार्ज में भारी छूट दी जा रही है। योजना 3 नवम्बर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक लागू रहेगी।
🔹 पहला चरण: 3 नवम्बर से 31 दिसम्बर 2025 तक चलेगा, जिसमें 60% से 100% तक सरचार्ज माफ रहेगा।
🔹 दूसरा चरण: 1 जनवरी से 28 फरवरी 2026 तक, 50% से 90% तक सरचार्ज माफी का लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा।
इसके साथ ही उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान पर अधिकतम छूट तथा 6 किश्तों में आसान भुगतान की सुविधा भी दी जाएगी।
ऊर्जा विभाग का कहना है कि इस योजना से लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और राज्य में बिजली राजस्व वसूली को गति मिलेगी।




0 टिप्पणियाँ