रीवा में सनसनी: भाजपा नेता पर दुष्कर्म का आरोप, नेता बोले — “मैं हनीट्रैप का शिकार हूं”



रीवा, मध्य प्रदेश | मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सेमरिया क्षेत्र के भाजपा नेता दिवाकर द्विवेदी पर एक युवती ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में युवती आरोप लगाते हुए कहती नजर आ रही है, “इसने मेरे साथ गलत किया है।” वहीं वीडियो में भाजपा नेता दिवाकर द्विवेदी हाथ जोड़कर कहते दिख रहे हैं, “जो आप कह रही हैं, सब सही है।”

युवती ने लगाया दुष्कर्म का आरोप

शाहपुर चौकी क्षेत्र की एक युवती ने भाजपा नेता के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। युवती का कहना है कि दिवाकर द्विवेदी ने उसके साथ जबरन संबंध बनाए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाजपा नेता ने बताया — “मुझे फंसाया गया, मांगी गई 1 करोड़ की फिरौती”

वहीं, इस पूरे प्रकरण में भाजपा नेता दिवाकर द्विवेदी ने खुद को हनीट्रैप और फिरौती के षड्यंत्र का शिकार बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके दो परिचित — प्रतीक सिंह और संदीप मिश्रा — ने उन्हें बहाने से बुलाया और रास्ते में उनका अपहरण कर लिया।

द्विवेदी ने बताया, “मुझे कहा गया कि एक जमीन देखनी है। रास्ते में कुछ युवक मिले, जिनमें से एक मालिक सिंह को मैं जानता था। उसी दौरान पीछे बैठे युवकों ने मेरी कनपटी पर पिस्टल रख दी और मुझे जंगल की ओर ले गए।”

“जंगल में बनाया वीडियो, मांगे 1 करोड़ रुपए”

दिवाकर द्विवेदी ने आगे कहा, “युवकों ने मुझे गन पॉइंट पर कपड़े उतरवाने को मजबूर किया। कुछ देर बाद एक लड़की आई, उससे कहा गया कि मेरे साथ वीडियो बनाओ। उन्होंने मुझे बुलवाया कि मैंने गलत किया है और फिर 1 करोड़ रुपए की डिमांड की।”

उन्होंने बताया कि पैसे लाने का झांसा देकर उन्होंने किसी तरह पुलिस अधिकारियों को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस जांच में जुटी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।

रीवा जिले का यह मामला राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर रहा है। एक ओर भाजपा नेता पर दुष्कर्म का आरोप है, वहीं दूसरी ओर खुद नेता ने इसे हनीट्रैप और फिरौती की साजिश बताया है। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ