आनंदपुर महोटी। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर ग्राम महोटी के शासकीय हाई स्कूल प्रांगण में सामाजिक संगठन जन चेतना मंच द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता रैली एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई।
मुख्य अतिथि विदिशा जिला पंचायत उपाध्यक्ष दरियाव सिंह पटेल ने कहा कि “नशा व्यक्ति, परिवार और समाज सभी को कमजोर करता है। हमें नशा छोड़ने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और देश की एकता व अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
क्षत्रिय कुर्मी पटेल समाज के जिला अध्यक्ष भैरव सिंह पटेल ने कहा कि “हमें सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में समरसता और एकता की भावना को मजबूत करना चाहिए।”
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रणधीर सिंह मीना ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन ऋतुराज जैन ने किया। इस अवसर पर जन चेतना मंच के प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव कुशवाहा, प्रदेश अध्यक्ष गोवर्धन शर्मा, जिला अध्यक्ष दिनेश मालवीय, ग्रामीण मीडिया प्रभारी सम्राट रवि कुशवाहा, अंकित कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विशेष आकर्षण रहा क्षेत्र के कवि एवं पेंटर कालूराम राव द्वारा बनाया गया सरदार पटेल का विशाल चित्र, जिसने सभी का मन मोह लिया।
इससे पूर्व विद्यालय परिसर से नशा मुक्ति रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” के नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




0 टिप्पणियाँ