बलरामपुर में अवैध हथियारों से दुकानदार पर हमला, पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया — शराब माफिया से जुड़े हैं हमलावर

विदिशा लटेरी। मुरवास थाना क्षेत्र के ग्राम बलरामपुर में दिनदहाड़े एक दुकानदार पर अवैध हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 27 अक्टूबर की दोपहर करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय व्यापारी गोलू धाकड़ की दुकान पर तीन कारों में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग पहुंचे और अज्ञात कारणों को लेकर दुकानदार तथा कर्मचारियों के साथ लाठी-डंडों और कथित अवैध पिस्टलों से जमकर मारपीट की। आरोपियों ने गोली मारने और तलवार से वार करने की धमकी भी दी। इस दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई।
पीड़ित पक्ष — गोलू धाकड़, हेमराज अहिरवार और बृजेश धाकड़ ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद अवैध हथियारों और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों को नजरअंदाज कर सामान्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

इससे नाराज पीड़ितों ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विदिशा पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों का संबंध कथित शराब माफिया से है। आरोपियों में राजा रघुवंशी, रवि परमार, विशाल रघुवंशी, यश दुबे सहित अन्य के नाम लिए गए हैं। पीड़ितों ने मांग की है कि सभी आरोपियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए और उनके पास मौजूद अवैध हथियार जब्त किए जाएं।

पीड़ितों ने मीडिया के सामने कहा कि उन्हें आरोपी पक्ष से जान का खतरा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई अनहोनी होती है तो उसके लिए आरोपी पक्ष जिम्मेदार होगा।

इस मामले में पीड़ितों ने लटेरी एसडीओपी श्री अमरेश बोहरे को भी आवेदन सौंपकर विस्तृत जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एसडीओपी श्री अमरेश बोहरे ने बताया कि “बलरामपुर में दुकान पर मारपीट की घटना का वीडियो पुलिस को प्राप्त हुआ है, जिसमें फिलहाल किसी प्रकार के अवैध हथियार स्पष्ट नहीं दिख रहे हैं। फिर भी मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपियों को नोटिस जारी किए गए हैं और पूछताछ जारी है। पर्याप्त सबूत मिलने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।”

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ