विदिशा में बीजेपी नेता पर हमला, साजिश के आरोप से मचा हड़कंप

विदिशा में बीजेपी नेता पर हमला, साजिश के आरोप से मचा हड़कंप

वरिष्ठ भाजपा नेता विमल तारण बोले— “विधायक के इशारे पर हुआ हमला”, शिवराज से लगाई गुहार पीड़ित ने अपने ही नेताओं को घेरा.


विदिशा। शहर के बीचोबीच दिनदहाड़े भाजपा के वरिष्ठ नेता व अधिवक्ता विमल प्रकाश तारण पर हुए हमले से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। हॉस्पिटल रोड पर एक युवक ने विमल तारण को रोककर सरेआम थप्पड़ मार दिए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

पीड़ित नेता ने इस घटना के पीछे स्थानीय विधायक मुकेश टंडन और एक अन्य भाजपा नेता पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शहर की समस्याओं को लेकर वे सोशल मीडिया पर लगातार आवाज उठाते हैं, जिससे कुछ नेताओं को नाराज़गी थी।

विमल तारण ने बताया, “परसों मेरी श्याम सुंदर शर्मा से बहस हुई थी। उन्होंने देख लेने की धमकी दी थी। इसके बाद एक युवक ने मुझे सड़क पर रोककर मारा और बोला— मैं विधायक का आदमी हूं।”

शिवराज से की मुलाकात, सुरक्षा की मांग

घटना के बाद विमल तारण अपनी पत्नी के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले। उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की और साजिशकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की अपील की।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।” उन्होंने दंपती को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए पुलिस को त्वरित जांच के निर्देश दिए।

गिरफ्तारी और शहर में विरोध

पुलिस ने आरोपी संजय नामदेव गांधी को गिरफ्तार कर धारा 151 के तहत जेल भेज दिया। आरोपी का शहर में जुलूस भी निकाला गया।
इस घटना की राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने निंदा की है। वहीं, अधिवक्ताओं और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया है।
अभिभाषक संघ और व्यापार महासंघ ने विरोधस्वरूप आधे दिन के लिए व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रखने और न्यायालयीन कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है।

इस पूरे मामले ने भाजपा संगठन के भीतर आंतरिक कलह और गुटबाजी को एक बार फिर उजागर कर दिया है। अब देखना यह है कि पुलिस जांच के बाद आरोपों की सच्चाई क्या सामने आती है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ